नई दिल्ली। बुधवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने की कीमतों में लगातार दूसरे दिन भी गिरावट देखने को मिली है। कमजोर वैश्विक संकेत और घरेलू ज्वैलर्स की ओर से घटी मांग के चलते सोना 25 रुपये गिरकर 31570 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया है। वहीं, चांदी इंडस्ट्रियल यूनिट्स और सिक्का निर्माताओं की ओर से कमजोर उठान के कारण 120 रुपये गिरकर 41000 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर से नीचे आ गई है।
व्यापारियों का मानना है कि कमजोर वैश्विक संकेत की वजह से और डॉलर की कीमतों में तेजी से निवेशकों का सोने में कम रुझान देखने को मिला है। इसके साथ ही अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से रेट हाइक की उम्मीद से भी सोने की कीमतों पर दबाव देखने को मिला है।
वैश्विक स्तर पर सिंगापुर में सोना 0.32 फीसद की गिरावट के साथ 1254.16 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर आ गया है जो कि बीते वर्ष के दिसंबर से अबतक का निम्नतम स्तर है। चांदी भी 0.49 फीसद की गिरावट के साथ16.19 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर आ गई है।
साथ ही इसके स्थानीय ज्वैलर्स और रिटेलर्स की ओर से घरेलू हाजिर बाजार में कम मांग के चलते गोल्ड में गिरावट आई है। देश की राजधानी दिल्ली में 99.9 फीसद और 99.5 फीसद शुद्धता वाला सोना 25 रुपये कमजोर होकर क्रमश: 31570 रुपये और 31420 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया है। जानकारी के लिए बता दें कि बीते सत्र में सोने की कीमतों में 55 रुपये की गिरावट देखने को मिली थी।
वहीं, चांदी तैयार 120 रुपये गिरकर 40880 रुपये प्रति किलोग्राम और साप्ताहिक आधारित डिलिवरी 60 रुपये की गिरावट के साथ 39615 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर रहा है। चांदी के सिक्कों का भाव 76000 रुपये लिवाल और 77000 रुपये बिकवाल प्रति सैंकड़ा के स्तर पर बरकरार रहे हैं।


No comments:
Post a Comment