लखनऊ। देवरिया के मां विंध्यवासिनी बालगृह में देह व्यापार का मामला चल ही रहा था कि प्रतापगढ़ के दो आश्रय गृहों से 26 महिलाओं के गायब होने के मामला सामने आया है। जिलाधिकारी शम्भु कुमार ने यहां चल रहे दो आश्रय गृहों पर बुधवार को छापा मारा, जिसमें 26 महिलाएं गायब मिली हैं।
जिले के अष्टभुजानगर और अचलपुर में चल रहे आश्रय गृहों में डीएम ने पहले दिन में छापा मारा था। देर रात तक केवल छह महिलाएं ही इन आश्रय गृहों पर मिलीं। फिलहाल आश्रय संचालिकाओं से पूछताछ की जा रही है।
शहर के अष्टभुजानगर में जागृति स्वाधार महिला आश्रय है। यहां पर बुधवार को दिन में जिलाधिकारी शंभु कुमार ने छापा मारा था। इस दौरान संचालिका ने आश्रय में रहने वाली महिलाओं की संख्या 16 बताई थी। मौके पर केवल एक महिला रजिया ही मिली थी। अन्य महिलाओं के बारे में संचालिका रमा मिश्रा ने बताया था कि वह काम करने के लिए बाहर गई हैं।
जिसके बाद जिला प्रशासन ने रात तक महिलाओं के आने का इंतजार किया। रात करीब दस बजे एसडीएम सदर एसपी सिंह दलबल के साथ आश्रय पहुंचे। जहां मौके पर तीन महिलाएं ही मिलीं। वहीं, रजिस्टर में महिलाओं की संख्या 16 से बढ़कर 17 पहुंच गई थी। 14 महिलाएं आश्रय से गायब थीं।
एसडीएम के सवाल पर संचालिका ने बताया कि आज महिलाएं नहीं लौटी हैं, उनकी तलाश की जा रही है। उधर अचलपुर में चल रहे आश्रय गृह में 15 में से सिर्फ तीन महिलाएं रात तक मिलीं। यहां 12 महिलाएं गायब पाईं गईं।


No comments:
Post a Comment