वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि काशी की प्राचीन अध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक पहचान के अनुरुप विकास कार्य किये जा रहे हैं। श्री योगी ने प्राचीन धार्मिक नगरी वाराणसी में चल रहे विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की घंटों समीक्षा के बाद आधी रात तक गोइठहां सिवरेज ट्रिटमेंर्कट प्लांट, रिंग रोड एवं सारनाथ में लाईट एवं साउंड शो परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि काशी के विकास के लिए किये गए एमओयू के अनुरुप कार्य किये जा रहे हैं। नमामि गंगे परियोजना के तहत 118 करोड़ रुपये की लागत से गोइठहां में बनाया जा रहा 120 एमएलडी क्षमता का सिवरेज ट्रिटमेंट प्लांट 30 सितंबर तक बनकर तैयार हो जाएगा। यह परियोजना स्वच्छ गंगा अभियान के लिए बेहद महत्वपूर्ण है तथा इसके चालू होने के बाद गंगा को स्वच्छ एवं निर्मल बनाने में काफी मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने बड़ालालपुर इलाके में रिंग रोड के कार्य का निरीक्षण किया और अधिकारियों को काम में तेजी लाने के निर्देश दिये। उन्होंने भगवान बुद्ध की तपोभूमि सारनाथ में लाईट एवं साउंड शो परियोजना का निरीक्षण के दौरान अधिकारियों से कहा कि आसपास की सफाई एवं सड़क व्यवस्था काे भी सुधारने की व्यवस्था करें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि 15 अक्टूबर तक शहर की तमाम सड़कों एवं सफाई की व्यवस्था में सुधार करें।

No comments:
Post a Comment