पटना। चोर-उचक्के से अब तक आम आदमी ही त्रस्त थे, मगर अब इसका शिकार बड़े-बड़े अधिकारी भी हो रहे है। बुधवार को नवादा जिले के जिलाधिकारी (डीएम) कौशल कुमार इसका शिकार होते-होते बच गये।
डीएम कौशल कुमार की तत्परता से बुधवार को भीड़-भाड़ वाले मंदिर में अन्य लोगों की जेब कटने से बची। दरअसल, डीएम कौशल कुमार नगर के प्रसाद बिगहा स्थित दुर्गा मंदिर में पूजा करने के लिए पहुंचे थे। वह पूजा कर लौट ही रहे थे कि उन्होंने एक युवक को उनके पैकेट में हाथ डालते हुए रंगे हाथों पकड़ा।
इतने में डीएम ने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी और सुरक्षा गार्ड से उसकी तलाशी ली तो उसके पास से एक ब्लेड बरामद हुआ। उस पॉकेटमार ने एक मोबाइल डीएम के पैकेट में डाल दिया था। डीएम ने उस से पूछा कि आखिर उसने उनके पैकेट में मोबाइल क्यों डाला? उचित जवाब नहीं मिलने के कारण उन्होंने उस युवक को पूछताछ के लिए नगर थाने में भिजवाया जहां पुलिस अधिकारी उससे पूछताछ कर रहे हैं।
मंदिर सुरक्षा में लगे नगर थाने के एसआई का कहना है कि वह युवक डीएम की पॉकेट मारने के उद्देश्य से आया हुआ था। हिरासत में लिया गया युवक सोनू कुमार नगर के मंगर बिगहा का रहने वाला है। उसने कहा कि गलती से उसका मोबाइल उनके पैकेट में जा गिरा।
फिलहाल पुलिस उसको थाने में लाकर पूछताछ कर रही है। मारपीट के मामले में एक केस में उसका नाम है। फिलहाल पुलिस बरामद मोबाइल का सीडीआर निकाल जांच में जुटी हुई है।

No comments:
Post a Comment