लखनऊ । फर्जी वीजा से विदेश जा रहे तीन यात्रियों को इमीग्रेशन अधिकारियों ने गुरुवार को चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर धर दबोचा। अधिकारियों ने जांच पड़ताल के बाद तीनों यात्रियों को सरोजनीनगर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर तीनों को जेल भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक हरियाणा के यमुनापार में रहने वाले अरुण कुमार, मनजीत और परमजीत गुरुवार को पूर्वाहन करीब 11 बजे चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट से शारजाह जाने वाली इंडिगो फ्लाइट से विदेश जा रहे थे। तभी चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर जांच पड़ताल के दौरान इमीग्रेशन अधिकारियों को उनके पास मौजूद वीजा संदिग्ध लगे। बाद में अधिकारियों ने जब तीनों के वीजा की जांच की तो वह फर्जी पाए गए। पूछताछ में तीनों ने बताया कि उन्होंने यह वीजा हरियाणा में ही एक एजेंट से बनवाए थे और एजेन्ट ने वीजा बनवाने के एवज में सभी से 1.20 – 1.20 लाख रुपये लिए हैं। पूछताछ के बाद इमीग्रेशन अधिकारियों ने तीनों यात्रियों को सरोजनीनगर पुलिस के हवाले कर दिया। फिलहाल पुलिस ने उनके वीजा जब्त कर तीनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया है।

No comments:
Post a Comment