लखनऊ। मोहनलालगंज के सिसेण्डी में बृहस्पतिवार को होली का दिन मातम में बदल गया। रंग खेलने के बाद तालाब में नहाने गए चार बच्चों में से दो बच्चे गहरे पानी में डूब गए। लोगों ने काफी मशक्कत के बाद बच्चों को तालाब से निकालकर अस्पताल ले गए जहां पर डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया । घटना के बाद कस्बे में हाहाकार मच गया ।
पुलिस के मुताबिक कस्बा सिसेण्डी के ग्राम प्रधान अशोक वर्मा का भतीजा वीशू (9), नन्हा शर्मा का बेटा हिमांशू (11) ,रामजी व लल्लन के साथ राज बाग में स्थित घुमरही तालाब में होली में रंग खेलने के बाद नहाने गए थे। नहाते समय वीशू व हिमांशू अचानक गहरे पानी में चले गए और ढूबने लगें जिसके बाद रामजी ने आकर इसकी सूचना लोगों को दी जबकि डर के कारण लल्लन छुप गया । घटना की जानकारी होने पर गांव में कोहराम मच गया और लोगों ने तालाब में बच्चों को ढ़ूंढ़ना शुरू कर दिया काफी मशक्कत के बाद बच्चों को तालाब से निकालकर अस्पताल ले जाया गया जहां पर डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया । मृतक बच्चे अपने घरों में इकलौते होने के कारण दोनों परिवारों पर त्योहार के दिन दुख का पहाड़ टूट पड़ा । मृतक हिमाशू की मा मंजू गश खाकर गिर पड़ी । मृतक वीशू के परिवार में पिता शशिकान्त वर्मा, मा व दो बड़ी बहनें है । दोनों परिवारों का रो -रोकर बुरा हाल है । इंस्पेक्टर गऊदीन शुक्ला ने बताया कि मृतक परिवारों के लोगों ने पोस्टमार्टम करवाने से इनकार कर दिया जिससे पोस्टमार्टम नहीं कराया गया और बच्चों का अंतिम संस्कार कर दिया गया ।

No comments:
Post a Comment