अप्रैल में यात्रियों को लौटाए 10 मोबाइल, 3 लैपटॉप और 17 हज़ार की नकदी | Alienture हिन्दी

Breaking

Post Top Ad

X

Post Top Ad

Recommended Post Slide Out For Blogger

Saturday, 27 April 2019

अप्रैल में यात्रियों को लौटाए 10 मोबाइल, 3 लैपटॉप और 17 हज़ार की नकदी

लखनऊ। एलएमआरसी के प्रबंध निदेशक कुमार केशव द्वारा इस माह सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया गया है।
शहरवासियों को मेट्रो की सौगात पेश करने के पहले दिन से अभी तक लखनऊ मेट्रो, लखनऊवासियों के प्रति अपने हर दायित्व को पूरी निष्ठा के साथ पूरा करता आया है और इस राह में मेट्रो ने यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मुहैया कराने की अपनी प्रतिबद्धता को हर बार सुनिश्चित और प्रमाणित किया है। यात्रियों को ज़रूरत पड़ने पर तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने से लेकर, मेट्रो से यात्रा के दौरान किसी कारणवश अपने अभिभावकों से बिछड़ जाने वाले मासूम बच्चों को सुरक्षित अपने माता-पिता से मिलाने और मेट्रो परिसर या ट्रेन के अंदर यात्रियों द्वारा छोड़े गए क़ीमती सामान उन्हें सुरक्षित वापस लौटाने तक, जिम्मेदारियों और देयता के मानकों पर लखनऊ मेट्रो सदैव ही खरा उतरा है।
विगत 8 मार्च को लखनऊ मेट्रो द्वारा संपूर्ण उत्तर-दक्षिण कॉरिडोर पर यात्री सेवाओं का शुभारंभ किया और इसके बाद से भारी संख्या में शहरवासी मेट्रो यात्रा और सेवाओं का भरपूर लाभ उठा रहे हैं। इस वजह से लखनऊ मेट्रो के कंधों पर सुचारू परिचालन को सुनिश्चित करने की जिम्मेदारियों प्रयॉरिटी कॉरिडोर की अपेक्षा पहले से कहीं ज़्यादा और चुनौतीपूर्ण हो गई हैं, लेकिन मेट्रो स्टाफ़ द्वारा बड़ी ही सहजता के साथ और बेहद प्रभावी ढंग से इन जिम्मेदारियों का निर्वाहन किया जा रहा है। अप्रैल, 2019 के सराहनीय कार्यों के आंकड़े इस बात के गवाह हैं। इस माह लखनऊ मेट्रो के स्टाफ़ द्वारा अभी तक यात्रियों को 10 मोबाइल फ़ोन, 3 लैपटॉप और लगभग 17 हज़ार रुपए की नकदी सुरक्षित लौटाए गए हैं।
इसके साथ-साथ हाल ही में एक मामला सामने आया, जिसमें एक यात्री को मेट्रो परिसर के अंदर आकस्मिक तौर पर उपचार की आवश्यकता पड़ी और इस आपात स्थिति में भी मेट्रो स्टाफ़ ने अपनी तत्परता का परिचय देते हुए किसी भी दुर्घटना को होने से रोका और तत्काल ही प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने के साथ-साथ उचित कार्रवाई करते हुए यात्री की सुरक्षा सुनिश्चित की। विगत 25 अप्रैल को सीसीएस मेट्रो स्टेशन के परिसर में महमूद (गोंडा ज़िला निवासी) नाम का एक शख़्स बेहोश होकर गिर पड़ा। इसके बाद सुरक्षा गार्ड रवींद्र सिंह और स्टेशन कंट्रोलर निशांत सिंह ने प्राथमिक उपचार के तौर पर उनका मुंह धुलाया गया और उन्हें पानी पिलाया। 5-6 मिनट बाद होश में आने के बाद यात्री ने मेट्रो स्टाफ़ का धन्यवाद दिया और इसके बाद मेट्रो ट्रेन से रवाना हो गया।
मेट्रो स्टाफ़ के इस सहयोगी और जिम्मेदाराना रवैये की यात्रियों द्वारा जमकर सराहना की जा रही है। हाल ही में, कार्तिकेय खन्ना नाम के एक व्यक्ति ने अपना खोया हुआ मोबाइल फ़ोन वापस लौटाने के संबंध में धन्यवाद देने के लिए मेट्रो के हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क किया और मेट्रो स्टाफ़ के प्रति आभार व्यक्त किया। इन सभी घटनाओं के उदाहरण यह साबित करते हैं कि लखनऊ मेट्रो यात्री सेवाओं हेतु किस सीमा तक समर्पित है और लखनऊ मेट्रो ने यात्रियों के जान-माल की सुरक्षा और सहूलियत को सर्वोपरि रखा है।
ऐसी घटनाओं के दौरान अपने ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का उम्दा उदाहरण पेश करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित करने के उद्देश्य के साथ लखनऊ मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (एलएमआरसी) द्वारा शुरू की गई सराहनीय कार्य मुहिम की शुरुआत की गई थी। इस मुहिम के अंतर्गत हर माह यात्री सेवा हेतु असाधारण कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाता है।
एलएमआरसी के प्रबंध निदेशक कुमार केशव द्वारा जनवरी, फ़रवरी और मार्च महीनों के लिए ‘स्टाफ़ ऑफ़ द मंथ’ पुरस्कार वितरित किए गए और पुरस्कार जीतने वाले कर्मचारियों को केशव द्वारा सम्मानित किया गया। जनवरी माह के लिए पवन कुमार (सिक्यॉरिटी गार्ड, जी 4 एस), मोहित कुमार वर्मा (मेंटेनर/सिविल), जटा शंकर तिवारी (सिक्यॉरिटी गार्ड/जी 4 एस) को; फ़रवरी माह के लिए रवींद्र सिंह (सिक्यॉरिटी गार्ड/जी 4 एस), शालिनी शर्मा (महिला सिक्यॉरिटी गार्ड/जी 4 एस), शशि सिंह (हाउसकीपर), केशव प्रसाद मौर्य (जेई/ई ऐंड एम) को; और मार्च के महीने के लिए प्रहलाद कुमार (पीएसी स्टाफ़), अतुल कुमार (सिक्यॉरिटी गार्ड), संजय सिंह (सिक्यॉरिटी गार्ड), विनोद कुमार सिंह (सिक्यॉरिटी गार्ड) और चिन्मय पांडे (एससीटीओ) को कुमार केशव द्वारा एलएमआरसी के गोमती नगर स्थित प्रशासनिक भवन में हुए एक कार्यक्रम में पुरस्कृत और सम्मानित किया गया।

No comments:

Post a Comment

Post Top Ad