दो तमंचे, कारतूस, 37 हजार की नगदी, 200 ग्राम डायजापॉम पाउडर बरामद
मेरठ में भी इन बदमाशों ने पुलिस हिरासत से छुड़ाया था साथियों को
गाजियाबाद:- साहिबाबाद पुलिस ने 25000 रुपये के एक इनामी बदमाश को उसके साथी समेत गिरफ्तार किया है। इनके पास से 37 हजार रुपये, 200 ग्राम डायजापॉम पाउडर, दो तमंचे व कारतूस मिले हैं। गिरफ्तार अभियुक्त एनसीआर में मवेशियों को चोरी कर ले जाते हैं। इनके कई साथी जेल में हैं। आरोपी साहिबाबाद में भी परिवार को बंधक बना कर लूटपाट करने के मामले में वांछित चल रहा था। इसके अतिरिक्त मेरठ पुलिस से भी इन पर इनाम घोषित है। इस गिरोह ने अपने साथियों संग पुलिस के कब्जे से अपने साथियों को छुड़ा लिया था।सीओ साहिबाबाद डा. राकेश मिश्रा ने बताया कि साहिबाबाद पुलिस को पुख्ता सूचना मिली थी कि 25 हजार रुपये का वांछित अपराधी किसी वारदात की फिराक में अपने साथी संग आया हुआ है। साहिबाबाद पुलिस की टीम ने एसएचओ जितेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में दोनों को दबोच लिया। तलाशी लेने पर इनके पास से 315 बोर के दो तमंचे, कारतूस, 37 हजार की नगदी व 200 ग्राम डायजापॉम (नींद की गोलियां) मिली है। बंदी अभियुक्तों में युसुफ पुत्र समीरा निवासी मेरठ है, फिलहाल पंसौडा में रह रहा था। उसका साथी आसिफ उर्फ मोटा मेरठ में सरधना का रहने वाला है। बताया गया कि गत वर्ष 18 दिसंबर को डिफेंस कालोनी भौपुरा में रहने वाले कालूराम के परिवार को बंधक बना कर इस गिरोह ने पांच भैंस लूट कर ले गए थे। युसुफ के साथ कमालुद्दीन,इस्लामुद्दी व सलमान भी वारदात में शामिल थे। कमालुद्दीन व सलमान की गिरफ्तारी हो चुकी है। युसुफ दिल्ली व हरियाणा में सोनीपत से पहले भी जेल जा चुका है।सीओ डा. मिश्रा ने बताया कि ये गिरोह घरों और डेरियों से मवेशियो को चोरी अथवा जाग होने पर हथियारों के बल पर लूट कर ले जाते हैं।इन लोगों ने गत वर्ष मेरठ के थाना सरधना में पुलिस हिरासत से अपने साथियों को छुड़ा लिया था। इस मामले में वहां अभियोग,147/148/149/186/224/225/307/332/353/336/380 के साथ ही 7-क्रिमिनल एमेंडमेंट एक्ट भी पंजीकृत है और इन पर इनाम घोषित है। आसिफ उर्फ मोटा सिहानीगेट थाने से गैंगस्टर में वाछित चल रहा है।

No comments:
Post a Comment