फैजाबाद। यूपी के फ़ैजाबाद जिला के मवई थाना क्षेत्र के कामाख्या भवानी-बाबा बाजार मार्ग पर बदलेपुर गांव के मोड़ पर गुरुवार की रात अनियंत्रित होकर कार पलट गई। इस हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
थाना क्षेत्र के गनेशपुर गांव में राम नेवल की पुत्री की गुरुवार को शादी थी। बारात मवई क्षेत्र के महमदवापुर से आई थी। इसी दौरान लड़की के चाचा काशीराम गांव के कुलदीप, शिव कुमार, नीरज व आकाश के साथ कार से बाबा बाजार चौराहा किसी काम से आये थे। वापस लौटते समय बदलेपुर मोड़ पर कार अनियंत्रित होकर पलट गई।
कार पर सवार पांचों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल सभी घायलों को सीएचसी खैरनपुर पहुंचाया, जहां कुलदीप व नीरज को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल शिवकुमार, आकाश व काशीराम को जिला अस्पताल रेफर कर दिया जहां उपचार के दौरान शिवकुमार की मौत हो गई। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

No comments:
Post a Comment