योग दिवस पर भगवा टीशर्ट में नजर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ | Alienture हिन्दी

Breaking

Post Top Ad

X

Post Top Ad

Recommended Post Slide Out For Blogger

Friday, 21 June 2019

योग दिवस पर भगवा टीशर्ट में नजर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

 
लखनऊ। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर उत्तर प्रदेश में भी लोगों में गजब का उत्साह देखने को मिला। हर वर्ष की भांति लखनऊ में राज भवन में राज्यपाल राम नाईक के साथ सीएम योगी आदित्यनाथ व डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा व लखनऊ की मेयर संयुक्ता भाटिया  ने हजारों लोगों के साथ योग दिया। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अलग अंदाज में नजर आए। उन्होंने राजभवन में राज्यपाल रामनाईक व बड़ी संख्या में मौजूद लोगों के साथ योग किया। राजभवन में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। जिसमें भाग लेने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भगवा रंग की टी शर्ट पहन रखी थी।

वर्ष का सबसे लंबा दिन होता है 21 जून
राजधानी लखनऊ के साथ ही आगरा, मेरठ, अलीगढ़, बरेली, मुरादाबाद, झांसी, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी व गोरखपुर में भी पांचवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर लोग बड़ी संख्या में योग करने पार्क व मैदान में उमड़ पड़े। 21 जून का दिन वर्ष का सबसे लंबा दिन होता है। इसी कारण 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को मनाया जाता है। माना जाता है कि योग भी मनुष्य को दीर्घ जीवन प्रदान करता है। पहली बार यह दिवस 21 जून 2015 को मनाया गया। लखनऊ में राजभवन में राज्यपाल राम नाईक ने पांचवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का शुभारंभ किया। राज्यपाल राम नाईक ने इस अवसर पर कहा कि योग स्वास्थ्य के लिए सबसे पुराना विज्ञान है, जो तन मन को स्वस्थ रखता है। उन्होंने 21 जून को विश्व योग दिवस के रूप में संयुक्त राष्ट्र संघ से मान्यता प्रदान कराने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयास को सराहा। इसके साथ ही उन्होंने योग से जुड़े अपने अनुभव भी बताए।

समाज जोड़ने का सशक्त माध्यम है योग- सीएम  
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी आज योग की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने योग को समाज जोड़ने का सशक्त माध्यम बताया। वास्तव में हमारी ऋषि परंपरा ही हमें आगे बढ़ा सकती है और योग हमारी ऋषि परंपरा का एक अभिन्न अंग है। मनुष्य जीवन योग के लिए बना है, न कि रोग के लिए। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने ऋषि परम्परा के प्रसाद को आम जन तक पहुंचाने और भारतीय संस्कृति एवं आस्था को वैश्विक मंचों पर एक नयी पहचान दिलाने का कार्य किया है। मैं इसके लिए प्रधानमंत्री जी का आभार व्यक्त करता हूं। इस मौके पर उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा, आयुष मंत्री धर्म सिंह सैनी, महापौर संयुक्ता भाटिया, मुख्य सचिव अनूप चन्द्र पांडेय भी उपस्थित थे। योगाचार्य पीयूष कांत ने उपस्थित लोगों को योगाभ्यास कराया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत सभी ने योग किया। राज्यपाल रामनाईक ने स्वास्थ्य कारणों से सम्पूर्ण योग आसन नहीं किये। लखनऊ में आज राजभवन के साथ ही 11 चिह्नित पार्कों में योग शिविर का आयोजन किया गया। 

 
पुलिसकर्मियों के साथ डीजीपी ओपी सिंह ने किया योग  
डीजीपी ओपी सिंह ने पुलिस लाइन में योग दिवस पर पुलिसकर्मियों के साथ योग करने के साथ ही उनको संबोधित किया। अमेठी में प्रभारी मंत्री तथा योगी आदित्यनाथ सरकार में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, सूचना प्रौद्योगिकी, वक्फ व हज राज्यमंत्री मोहसिन रजा ने योग अभ्यास किया। आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर गौरीगंज के जवाहर नवोदय विद्यालय में आयोजित योग शिविर में जिला प्रभारी मंत्री मोहसिन रजा के साथ जिलाधिकारी डॉ राम मनोहर मिश्रा तथा अन्य अधिकारियों ने भी योग अभ्यास किया। 
 
लखनऊ में इन स्थानों पर हुए योग के मुख्य आयोजन
लखनऊ में योग दिवस का मुख्य आयोजन राजभवन परिसर के साथ ही परिवर्तन चौक के समीप बेगम हजरत महल पार्क, डालीगंज पुल के समीप बुद्धा पार्क, बड़ा इमामबाड़ा के समीप नीबू पार्क, कैसरबाग बारादरी के समीप राजाराम पाल पार्क, सेक्टर दस इंदिरा नगर स्थित डा. बंधु पार्क, रेजीडेंसी के समीप कारगिल शहीद पार्क, अमीनाबाद के झंडेवाला पार्क, गोमती नगर के राम मनोहर लोहिया पार्क, जनेश्वर मिश्र पार्क और ग्रीन पार्क विपुल खंड में किया गया। 
 
योग में बताया मोबाइल टीवी व्हाट्सएप फेसबुक आदि के दुरुपयोग
भारतीय बहु सूक्ष्म कौशल विकास संस्थान महाराष्ट्र एवं भारतीय बहु सूक्ष्म योग संघ द्वारा योगाभ्यास एवं योगा वेलनेस की कार्यशाला जेनयथ कंप्यूटर्स राजेंद्र नगर लखनऊ द्वारा आयोजित किया गया। प्रोग्राम में 200 से अधिक विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर के हिस्सा। संस्था में योग शिक्षक विशाल श्रीवास्तव एवं कुमारी शिवानी गुप्ता ने योग का इतिहास एवं योग का अंतरराष्ट्रीय जगह के बारे में विद्यार्थियों को समझाया गया। संस्था के संस्थापक विवेक श्रीवास्तव द्वारा आज के व्यस्ततम समय की जीवन शैली के कारण होने वाले रोगों के बारे में और उससे निजात पाने वाले योग क्रियाओं के बारे में वर्णन किया गया। संस्कृति छात्रों को मोबाइल टीवी व्हाट्सएप फेसबुक आदि के दुरुपयोग से होने वाले आंखों के गर्दन के आदि रोगो के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही 15 से 20 योग क्रियाओं एवं आसनों द्वारा जो की आसानी से अपने ही घर पर करे जा सकते हैं ऐसे आसनों की जानकारी एवं कार्यशाला में छात्रों से प्रैक्टिस करवाकर भी देखा गया। संस्था के निदेशक आकांक्षा अस्थाना द्वारा महर्षि पतंजलि योग गुरु के बारे में भी पूर्ण जानकारी दी गई योगा के प्रकार एवं उसके लाभ के बारे में समुचित रूप से छात्रों को जानकारी दी गई।
 
मुस्लिम महिलाओं सहित हर उम्र के लोग हुए शामिल
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर पूरा प्रदेश योगमय हो गया। अलग-अलग जगह आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लेकर लोगों ने आयोजन को सफल बनाया। अयोध्या के मकबरा स्थित स्टेडियम में मुस्लिम महिलाओं ने भी योग किया। अमेठी के गौरीगंज के जवाहर नवोदय विद्यालय में सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस लाइन अयोध्या में आयोजित कार्यक्रम में प्रशिक्षक की देखरेख में लोगों ने योग किया। लोगों ने कहा कि आज की जीवन शैली को देखते हुए हर व्यक्ति को योग करना चाहिए। ये हमारे जीवन को आसान बनाता है। 
 
सुल्तानपुर में योग दिवस में बारिश ने डाला खलल
योग दिवस पूरे विश्व में मनाया जाता है। इसमें दुनिया भर के लोग हिस्सा लेते हैं। रायबरेली के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम के एस्ट्रोटर्फ मैदान में योग किया गया। जिसमें प्रभारी मंत्री नंद गोपाल नंदी ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में वरिष्ठ अफसर भी मौजूद रहे। बलरामपुर जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में बड़ी संख्या में लोग योग करने इकट्ठा हुए। कार्यक्रम में जिलाधिकारी कृष्णा करुणेश व अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। सुल्तानपुर में कार्यक्रम के दौरान बारिश होने लगी लेकिन इस दौरान भी लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ और उन्होंने योग किया। कार्यक्रम में मुस्लिम समाज के लोगों ने भी हिस्सा लिया। कार्यक्रम में हर उम्र के लोगों ने हिस्सा लिया। इसके लिए जिलों में खास इंतजाम किए गए थे। लोगों ने उत्साह के साथ पंजीकरण कराया था।
विश्व योग दिवस पर पुलिस अधिकारी/पुलिस कर्मचारियों ने किया योग
पांचवे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर नीलम सिंह, अध्यक्षा वामा सारथी उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन के द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन लखनऊ में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का शुभारंभ किया। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर 500 पुलिस परिवार के सदस्यों ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया
। जिसमें करे योग-रहें निरोग का संकल्प लेते हुए। नीलम द्वारा लोगों के साथ योग किया गया तथा कहा गया कि महीने में 4 बार योग शिविर के माध्यम से पुलिस परिवार व पुलिस कर्मचारियों को योग के बारे में बताएं, जिससे सभी निरोग व स्वस्थ रहें।
योगाभ्यास कार्यक्रम में पुलिस अधिकारी, पुलिस कर्मियों, पुलिस परिवार ने एक साथ योगासन किया। योग दिवस पर एक संदेश दिया कि योग केवल शरीर को फिट रखने वाला अभ्यास नहीं बल्कि अच्छे स्वास्थ्य का प्रमाण है। नीलम सिंह ने बताया कि ‘योग ‘मैं’ से ‘हम’ की यात्रा है। यह संतुलन, शांति का वादा करता है, ध्यान केन्द्रित करने में मदद करता है और बहुत ताकत देता है। पांचवे योग दिवस में पुलिस परिवार के लोगों से योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाने को कहा।  उक्त कार्यक्रम में राजपत्रित अधिकारी व उनके परिवार के सभी सदस्यगण तथा अन्य अधिकारीगण/कर्मचारीगण सपरिवार मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Post Top Ad