स्मृति ने राहुल पर अमेठी में बूथ कैप्चरिंग करवाने का लगाया आरोप
सात राज्यों की 51 सीटों पर हुई वोटिंग, इस चरण में 8 करोड़ 75 लाख मतदाता, 674 उम्मीदवार
बंगाल के बैरकपुर में तृणमूल-भाजपा कार्यकर्ता भिड़े, भाजपा ने दोबारा मतदान कराने की मांग की
पुलवामा के रोहमू पोलिंग बूथ पर वोटिंग से पहले फेंका ग्रेनेड, कोई हताहत नहीं
नई दिल्ली । लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण के तहत सोमवार को यूपी सहित सात राज्यों की कुल 51 सीटों पर मतदान हुआ। इस चरण में 62.2% वोटिंग हुई। सबसे ज्यादा पश्चिम बंगाल में 74 फीसद मतदान हुआ। मध्यप्रदेश और राजस्थान में तकरीबन 63-63 फीसद वोट पड़े। झारखंड में 64 से अधिक मतदान हुआ है। देश-प्रदेश के जिन सीटों पर वोटिंग हुई, उसमें करीब 8 करोड़ 75 लाख मतदाताओं की संख्या रही। इस चरण में कुल 674 उम्मीदवार चुनावी समर में उतरे और 51 सीटों पर मतदान की प्रक्रिया संपन्न हुई। वैसे बता दें कि गत 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने उनमें से 39 पर जीत हासिल की थ जबकि कांग्रेस को महज दो सीटें मिली थीं।
पश्चिम बंगाल में लगातार पांचवें चरण में भी हिंसक घटनाएं हुर्इं। बंगाल के बैरकपुर में भाजपा और तृणमूल कांग्रेस कार्यकतार्ओं के बीच तीखी झड़प हुई। यहां से भाजपा उम्मीदवार अर्जुन सिंह ने कहा कि मुझ पर टीएमसी के गुंडों ने हमला किया जिन्हें बाहर से लाया गया था। भाजपा ने यहां दोबारा मतदान कराने की मांग की।
वहीं आतंकियों ने जम्मू-कश्मीर में पुलवामा के रोहमू पोलिंग बूथ पर वोटिंग शुरू होने के कुछ देर बाद ही ग्रेनेड फेंक दिया। हालांकि, इसमें कोई घायल नहीं हुआ। पुलवामा अनंतनाग लोकसभा सीट में आता है। यहां पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती समेत 18 उम्मीदवार मैदान में हैं। वहीं दूसरी तरफ अमेठी में भाजपा उम्मीदवार स्मृति ईरानी ने बूथ कैप्चरिंग का आरोप लगाया है। ईरानी ने कहा कि मैंने प्रशासन और चुनाव आयोग को अलर्ट करते हुए ट्वीट किया है। उम्मीद है कि वे कार्रवाई करेंगे। इस ट्वीट के साथ स्मृति ने एक वीडियो भी शेयर किया है, जिसमें एक बुजुर्ग महिला कह रही है कि वह भाजपा को वोट देना चाहती थी, लेकिन जबरन उसका हाथ पकड़कर उससे कांग्रेस को वोट दिलवा दिया गया।

No comments:
Post a Comment