डिजिटल लेनदेन के युग में सहूलियत के साथ बिल भुगतान का झंझट भी बढ़ गया है। क्रेडिट कार्ड बिल, बिजली-पानी और अन्य सेवाओं से जुड़े बिल का भी आपको समय पर भुगतान करना पड़ता है। अगर समय पर भुगतान नहीं हो तो ब्याज या जुर्माना भी भरना पड़ सकता है। ऐसे में ऑटोमैटिक बिल पेमेंट एक अच्छा विकल्प है। ज्यादातर बैंक अपने ग्राहकों को यह सुविधा देते हैं, ताकि उन्हें हर महीने अलग-अलग तारीख को बिल भरने के झंझट से छुटकारा मिल जाए।
फोन, बिजली पानी के बिल भी चुकाएं
अगर आप फोन, बिजली या पानी का बिल समय पर भुगतान करना चाहते हैं तो ऑटो बिल की सुविधा बेहतरीन है। आप क्रेडिट कार्ड बिल का भी ऑटो पेमेंट अपने डेबिट खाते से कर सकते हैं। कई सारे बैंक तो स्कूल फीस पर भी स्वचालित भुगतान की सुविधा देने लगे हैं। कोटक महिंदा बैंक के मुख्य डिजिटल अधिकारी दीपक शर्मा ने कहा कि ई-कॉमर्स अभी ऑटो पेमेंट का हिस्सा नहीं है, लेकिन इसे भी जल्द इसके दायरे में लाया जा सकता है।
प्रीमियम, म्युचुअल फंड का भुगतान करें
नेशनल पेमेंट्स कारपोरेशन ऑफ इंडिया के अनुसार, 10 से ज्यादातर बैंक ई मैंडेट यानी ऑटो पे का विकल्प देते हैं। कई निजी क्षेत्र की फाइनेंस कंपनियों और संस्थानों को भी इसका अधिकार मिला है। होम लोन की तरह आप बीमा प्रीमियम, म्युचुअल फंड, पीपीए-एनपीएस और अन्य तरह की निवेश योजनाओं की किस्त का भी ऑटो पेमेंट कर सकते हैं।
कैशबैक समेत कई तरह के उपहार
बैंक अपने ग्राहकों को यूटिलिटी बिल के स्वचालित भुगतान के बदले पांच से दस फीसदी का कैशबैक भी देते हैं। कई बैंक एक निश्चित राशि के भुगतान के बदले मूवी वाउचर, शॉपिंग वाउचर भी ग्राहकों को देते हैं। इसके लिए आपके खाते से एक या दो रुपये का मामूली शुल्क भी लगता है।
इनमें से एक तरीके को अपनाएं
– बैंक के कस्टमर केयर को कॉल कर सुविधा शुरू करें
– नेटबैंकिंग के जरिये भी ऑटो बिल शुरू कर सकते हैं
– बैंक की साइट पर लॉगइन पासवर्ड से भी यह संभव
इन बातों का ख्याल रखें
– खाते में ऑटो पे बिल के लिए पर्याप्त रकम जरूर हो
– ऑटो पे की तिथि से पहले बिल की जांच जरूर करें
– ज्यादा चार्ज लगा है तो उसे समय रहते ठीक कराएं

No comments:
Post a Comment