
हरदोई17मई- प्रधानमंत्री की मंशा है कि प्रत्येक व्यक्ति बैंक से जुड़े, जिसके लिए महत्वाकांक्षी योजना “जनधन योजना” के तहत प्रत्येक व्यक्ति का खाता घर-घर जाकर खोलने का लक्ष्य है, जिससे प्रत्येक व्यक्ति द्वारा डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा मिल सके। लेकिन बैंकों की उदासीनता के चलते उपभोक्ताओं को योजनाओं का सही लाभ नहीं मिल पा रहा है। व्यक्ति को अपना खाता खुलवाने में पसीना छूट जाता है। दर्जनों बार चक्कर लगाने के बाद व्यक्ति का खाता खुल पाता है।पिछले एक माह से कछौना पतसेनी में स्थित बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ बड़ौदा, केनरा बैंक, भारतीय स्टेट बैंक एवं पंजाब नेशनल बैंक में स्थित एटीएम के शटर डाउन रहते हैं। इमरजेंसी में भी उपभोक्ताओं को एटीएम का लाभ नहीं मिल पाता है। शाखा प्रबंधकों से बात करने पर वे अपना पल्ला झाड़ लेते हैं तथा जिला संयोजकों से बात करने पर कार्यवाही करने की बात कहकर अपने कर्तव्यों की इतिश्री कर लेते हैं। एटीएम सुचारू रूप से न चल पाने के कारण उपभोक्ताओं को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। उपभोक्ता सतीश कुमार, महेश कुमार, योगेंद्र कुमार, भैयालाल आदि ने बताया कि एटीएम सिर्फ शोपीस बने हैं। स्थानीय स्तर पर शिकायत करने पर कोई कार्यवाही नही होती है।जय हिंद जय भारत मंच ने कस्बे में स्थित सभी एटीएम को सुचारू रूप से चलाने की मांग जिलाधिकारी से की है जिस पर जिलाधिकारी ने बैंकों से रिपोर्ट मंगाने की बात कही। वहीं अग्रणी जिला प्रबंधक ने बताया कि एटीएम संबंधित कोई शिकायत है तो कार्यालय आकर लिखित रूप से बतायें।

No comments:
Post a Comment