नई दिल्ली। भाजपा सांसद सावित्री बाई फुले ने पाकिस्तान के पहले प्रधानमंत्री मोहम्मद अली जिन्ना को महापुरुष बताकर उनकी तस्वीर को लेकर हाल ही हुए विवाद में एक नयी कड़ी जोड़ दी है। बहराइच सुरक्षित सीट से भाजपा सांसद सावित्री बाई फुले गुरूवार रात बहराइच में पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रही थीं।
जिन्ना से जुड़े एक सवाल के जवाब में फुले ने कहा, भारत देश को आजाद कराने में जिन महापुरुषों ने बलिदान दिये हैं चाहे वो जिस जाति धर्म या संप्रदाय के हों, उनका सम्मान होना चाहिए। क्या जिन्ना महापुरुष थे, इस सवाल के जवाब में भाजपा सांसद ने कहा, ‘वह महापुरुष थे, हैं और रहेंगे।’ उन्होंने कहा कि ऐसे महापुरुष की प्रतिमा जहां भी लगाने की जरूरत हो वहां सम्मान के साथ लगाई जानी चाहिए।

फुले ने कहा कि जिन्ना को देश की आजादी के समय से सम्मानित किया गया है। उनका नाम सम्मान के साथ लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बहुजन समाज के असल मुद्दों गरीबी, भुखमरी से ध्यान हटाने के लिए इस मामले को उठाया जा रहा है।
भाजपा सांसद ने उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर के पिछड़ों की उपेक्षा के बयान को सही बताया। सांसद ने कहा कि ऐसा उनके साथ भी होता रहा है। उन्हें भी अपेक्षित मान सम्मान नहीं मिला। उन्हें वाजिब सम्मान मिला होता तो वह आंदोलन नहीं करतीं।

No comments:
Post a Comment