नई दिल्ली। उपराष्ट्रपति के पद पर वेकैंया नायडू ने एक साल पूरे कर लिए हैं। उन्होंने ‘मूविंग ऑन मूविंग फॉरवर्ड: ए ईयर इन ऑफिस’ नाम से एक किताब लिखी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को नायडू की किताब लॉन्च की। पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह भी इस मौके पर मौजूद रहे। इस दौरान जहां पूर्व पीएम मनमोहन सिंह ने उपराष्ट्रपति नायडू के लिए शेर-ओ-शायरी की। वहीं, पीएम मोदी ने भी उनकी जम कर तारीफ की।
किताब की लॉन्चिंग के बाद पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह ने कहा, ‘नायडू ने उपराष्ट्रपति, राजनीतिक और प्रशासनिक अनुभव के दफ्तर में काम किया है। यह उनके एक साल के अनुभव में काफी हद तक दिखता है। लेकिन उनका बेस्ट अभी आना बाकी है।’ डॉ. मनमोहन सिंह ने शायराना अंदाज़ में कहा, ‘जैसे एक कवि ने कहा है कि सितारों के आगे जहां और भी है, अभी इश्क के इम्तिहान में और भी हैं।’
वहीं, पीएम मोदी ने वेंकैया नायडू की तारीफ में कसीदे पढ़ें। उन्होंने नायडू को एक अनुशासी नेता करार दिया। पीएम मोदी ने दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का जिक्र करते हुए एक किस्सा भी सुनाया। उन्होंने कहा, ‘अटलजी वेंकैया नायडू को एक मंत्रालय देना चाहते थे. वेंकैया जी ने कहा, मैं ग्रामीण विकास मंत्री बनना चाहता हूं. वह दिल से किसान हैं. वह किसानों और कृषि के कल्याण की दिशा में समर्पित हैं।’
इस दौरान उपराष्ट्रपति नायडू ने कहा, ‘यह एक ऐसा समय है जब देश आगे बढ़ रहा है। मुझे इस पद के साथ एक नई भूमिका में देश और इसके लोगों की सेवा करने के लिए गौरवान्वित महसूस हो रहा है। यह एक पल है, जब देश को बदलने के लिए मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति लोगों को एक साथ ला सकती है। अभी बहुत रास्ता तय करना बाकी है। हमें एक राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ना चाहिए।
बता दें कि 245 पेज और सात चैप्टर वाली किताब ‘मूविंग ऑन मूविंग फॉरवर्ड: ए ईयर इन ऑफिस’ की लॉन्चिंग में पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन, केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली मौजूद रहे। नायडू ने इस किताब में राज्यसभा सभापति के रूप में अपने एक साल के कार्यकाल के बारे में लिखा है। इसके अलावा में इसमें ‘न्यू इंडिया मिशन’ का भी ज़िक्र किया है।


No comments:
Post a Comment