लखनऊ। राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष लोकेंद्र सिंह कालवी ने कहा कि भगवान राम मंदिर में नहीं राजभवन में पैदा हुए थे। इस लिए अयोध्या में भगवान राम जन्म स्थल पर मंदिर नहीं राजमहल बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि करणी सेना ने उच्चतम न्यायालय से अपील की है कि राजपूत भगवान राम के वंशज हैं और उन्हें अयोध्या में राज महल बनाने का अधिकार सौंपा जाए।
प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में कालवी ने कहा कि वह अयोध्या जाना चाहते हैं, लेकिन प्रदेश सरकार ने पहले उन्हें नहीं जाने दिया। अब हमने फैजाबाद में रामनवमी के दिन सम्मेलन करने की अनुमति मांगी है। अगर अनुमति मिली तो सम्मेलन होगा, अगर नहीं मिली तो आगे की तिथि तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि वह एक बार फिर फैजाबाद जाकर राजपूत समाज के लोगों से बातचीत कर अयोध्या में भगवान श्री राम का राज महल बनाने की योजना को मूर्त रूप देने की कोशिश करेंगे।
उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय में करणी सेना की ओर से याचिका दायर की गई है, जिसमें यह दावा किया गया है कि भगवान श्री राम के वंशज इस देश में क्षत्रिय समाज के लोग हैं। अयोध्या में उनके (भगवान राम) जन्म स्थल पर मंदिर नहीं राजमहल बनना चाहिए। राजमहल बनाने का अधिकार राजपूतों को दिया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि करणी सेना सुप्रीम कोर्ट के एससी-एसटी एक्ट संबंधी फैसले का समर्थन करती है और केंद्र सरकार की इस बात के लिए निंदा करती है कि उसने सुप्रीम कोर्ट के फैसले के विरुद्ध जाकर संविधान में बदलाव किया। कलवी ने कहा कि अयोध्या में राजभवन बनाने के साथ ही एससी-एसटी एक्ट कानून में संशोधन, आरक्षण के राजनीतिकरण और पर्यावरण सुरक्षा को मुद्दा बनाकर राजपूत करणी सेना अपनी लड़ाई लड़ेगी।
राजस्थान और मध्य प्रदेश चुनाव को लेकर हुए सवाल पर कालवी ने कहा करणी सेना ना तो बीजेपी के समर्थन में है ना कांग्रेस के समर्थन में। चुनाव में करणी सेना नही उतरेगी। उन्होंने कहाकि सरकार मेरी चिंता न करे, सरकार आरक्षण की समीक्षा की चिंता करे। उन्होंने कहा कि राजपूत करणी सेना एक गैरराजनीतिक संगठन है। इसलिए इस नाम पर कोई चुनाव नहीं लड़ेगा और न ही किसी को समर्थन देने की घोषणा की जाएगी अगर किसी पदाधिकारी को चुनाव लड़ना है तो वह पार्टी चुनने के लिए स्वतंत्र है।
Post Top Ad
Tuesday, 9 October 2018
आयोध्या में मंदिर नहीं बनाए भगवान राम का राजमहल : करणी सेना
Subscribe to:
Post Comments (Atom)

No comments:
Post a Comment