तेलंगाना और राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए आज सुबह कड़ी सुरक्षा एवं व्यवस्था के बीच मतदान शुरू हो गया। लोकतंत्र के इस पर्व पर आम आदमी से लेकर सेलिब्रेटीज़ भी बूथ पर वोट डालने आ रहे हैं। लेकिन कई जगहों पर ईवीएम में खराबी के कारण और वोटर्स लिस्ट से नाम गायब होने के कारण आम जनता को काफी परेशानियों का सामना भी करना पड़ रहा है।
इसी कड़ी में देश की शहूर बैडमिंटन खिलाड़ी ज्वाला गुट्टा का नाम भी मतदाता सूची से गायब हो गया है। इस बात की जानकारी खुद उन्होंने ट्वीट कर दी है। ज्वाला ने लिखा है, ” ऑनलाइन चेक करने के बाद अपना नाम मतदाता सूची से गायब देखकर हैरान हूं!!”
तेलंगाना के हैदराबाद में वोटर्स लिस्ट में अपना नाम नहीं होने के कारण बैडमिंटन स्टार ज्वाला गुट्टा मतदान नहीं कर पाईं। उन्होंने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए उन्होंने दूसरा ट्वीट किया कि चुनाव कैसे सही हो सकता है जब मेरा नाम ही वोटिंग लिस्ट से गायब हो गया है।
बता दें कि वोटिंग को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। तेलंगाना में हो रहे मतदान के दौरान आज सुबह बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधू, पूर्व बैडमिंटन खिलाड़ी और कोच पुलेला गोपीचंद ने अपना वोट डाला। ऐक्ट्रेस अमाला अक्किकेनी और ऐक्टर अल्लु अर्जुन वोट डालने की लाइन में नजर आए। एक्टर चिरंजीवी को भी जुबली हिल्स पोलिंग बूथ पर कतार में लगकर वोट करने के लिए इंतजार करते देखा गया है।

No comments:
Post a Comment