भाजपा सांसद मीनाक्षी लेखी ने राफेल मामले में उच्चतम न्यायालय के हाल के फैसले पर टिप्पणी के लिए राहुल गांधी के खिलाफ अवमानना याचिका दायर की है। कोर्ट ने लेखी की अवमानना याचिका को मंजूर कर लिया है और 15 अप्रैल को इस पर सुनवाई के लिए हामी भरी है।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपनी संसदीय सीट अमेठी से नामांकन भरने के बाद बुधवार को राफेल मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि सुप्रीम कोर्ट ने भी मान लिया है कि राफेल सौदे में भ्रष्टाचार हुआ है। उन्होंने एक बार फिर प्रधानमंत्री मोदी को खुली बहस की चुनौती दी।
राहुल गांधी ने नामांकन के बाद अमेठी के लोगों को धन्यवाद देते हुए पत्रकारों के साथ बातचीत में दावा किया कि उच्चतम न्यायालय राफेल मामले में भ्रष्टाचार को लेकर जांच पर सहमत हो गया है। गांधी ने कहा, ‘राफेल मामले में भ्रष्टाचार हुआ है। जैसा मैं पहले से कह रहा हूं कि अगर राफेल मामले में जांच होगी तो दो नाम है नरेंद्र मोदी जी और अनिल अंबानी जी।’
गांधी ने कहा, ‘प्रधानमंत्री जी ने अनिल अंबानी को तीस हजार करोड़ रुपये दिए हैं। सुप्रीम कोर्ट इन्वेस्टीगेशन करने जा रही है।’ पत्रकारों द्वारा प्रधानमंत्री से बहस को लेकर पूछे गए सवाल पर राहुल ने कहा, ‘मैं रोज डिबेट (बहस) के लिये चैलेंज करता हूं,… मैं हर रोज चैलेंज करता हूं मै फिर से चैलेंज कर रहा हूं । … आईये मेरे सामने आईये मिलकर हम भ्रष्टाचार पर देश के सामने डिस्कस करते है।’

No comments:
Post a Comment