इमरान खान ने फोन पर दी जीत की दी बधाई, मोदी बोले- हिंसामुक्त माहौल जरूरी | Alienture हिन्दी

Breaking

Post Top Ad

X

Post Top Ad

Recommended Post Slide Out For Blogger

Sunday, 26 May 2019

इमरान खान ने फोन पर दी जीत की दी बधाई, मोदी बोले- हिंसामुक्त माहौल जरूरी

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने लोकसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत से जीत हासिल कर फिर से सत्ता में आने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फोन करके बधाई दी है। पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने उम्मीद जताई कि लोगों की भलाई के लिए दोनों ही देश मिलकर काम करेंगे। जवाब में प्रधानमंत्री मोदी ने इमरान से कहा कि क्षेत्र की शांति और समृद्धि के लिए हिंसामुक्त और आतंकमुक्त माहौल बेहद जरूरी है। फरवरी में पुलवामा आत्मघाती हमले और उसके बाद पाकिस्तान के बालाकोट स्थित जैश-ए-मोहम्मद के सबसे बड़े आतंकी कैंप पर इंडियन एयरफोर्स की स्ट्राइक के बाद पहली बार दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों ने फोन पर बात की है।

पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता मोहम्मद फैसल ने रविवार को बताया कि इमरान खान ने पीएम मोदी से फोन पर बात कर उन्हें चुनाव में जीत की बधाई दी है। फैसल ने ट्वीट किया, ‘पीएम (इमरान) ने आज पीएम मोदी से बात की और भारत के लोकसभा चुनाव में उनकी पार्टी की जीत पर उन्हें बधाई दी। पीएम ने लोगों की भलाई के लिए दोनों देशों द्वारा साथ मिलकर काम करने की अपनी इच्छा जाहिर की।’

फैसल ने आगे लिखा, ‘दक्षिण एशिया में शांति, विकास और समृद्धि के अपने विजन पर जोर देते हुए प्रधानमंत्री (इमरान) ने कहा कि वह इन उद्देश्यों के लिए प्रधानमंत्री मोदी के साथ काम करने के इच्छुक है।’

पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने कहा कि उनका देश भारत की नयी सरकार से सभी लंबित मुद्दों पर बातचीत को तैयार है।

सरकारी रेडियो पाकिस्तान की खबर के अनुसार कुरैशी ने शनिवार रात मुल्तान में एक इफ्तार पार्टी को संबोधित करते हुए कहा कि भारत और पाकिस्तान दोनों को क्षेत्र की समृद्धि और शांति के लिए बातचीत कर मुद्दों को सुलझाना चाहिए।

इससे दो दिन पहले ही भारतीय जनता पार्टी ने बड़े बहुमत से लोकसभा चुनाव में जीत हासिल की है और नरेंद्र मोदी दूसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं।

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने बृहस्पतिवार को मोदी की जीत पर उन्हें बधाई दी थी और क्षेत्र की शांति और समृद्धि के लिए मिलकर काम करने की इच्छा जताई थी।

खान ने अंग्रेजी और उर्दू में ट्वीट किया था, ‘‘मैं भाजपा और सहयोगी दलों की जीत पर प्रधानमंत्री मोदी को बधाई देता हूं। दक्षिण एशिया में शांति, प्रगति और समृद्धि के लिए उनके साथ काम करने को लेकर आशान्वित हूं।’’

खान ने अप्रैल में कहा था कि उन्हें विश्वास है कि अगर आम चुनाव में मोदी जीतते हैं तो भारत के साथ शांति वार्ता करने तथा कश्मीर मुद्दे के समाधान के लिए बेहतर अवसर मिल सकता है।

भारत में आम चुनाव के नतीजे पाकिस्तान के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं क्योंकि नयी दिल्ली में नयी सरकार भारत-पाकिस्तान के संबंधों के भविष्य की दिशा पर विचार करेगी। पुलवामा आतंकी हमले के बाद दोनों देशों के संबंधों में दरार और बढ़ गयी थी।

चुनाव परिणामों की घोषणा से एक दिन पहले ही कुरैशी और भारतीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने बुधवार को किर्गिस्तान के बिश्केक में शंघाई सहयोग संगठन परिषद के विदेश मंत्रियों की बैठक में एक दूसरे का हालचाल पूछा था। कुरैशी ने स्वराज को संवाद के माध्यम से सभी मुद्दों के समाधान की पाकिस्तान की इच्छा से अवगत कराया था।

No comments:

Post a Comment

Post Top Ad