UP: वोटिंग से पहले ही नोट देकर दलितों की अंगुली पर लगा दी गई स्याही | Alienture हिन्दी

Breaking

Post Top Ad

X

Post Top Ad

Recommended Post Slide Out For Blogger

Saturday, 18 May 2019

UP: वोटिंग से पहले ही नोट देकर दलितों की अंगुली पर लगा दी गई स्याही

चन्दौली। लोकसभा चुनाव में मतदान से कुछ घण्टे पहले शनिवार रात एक प्रत्याशी के समर्थक जीवनपुर गांव के दलित बस्ती में नोट देकर मतदाताओं की उंगली पर अमिट स्याही लगा गए। इसकी जानकारी होते ही सपा व बसपा कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए और सकलडीहा के सपा विधायक प्रभुनारायण यादव के नेतृत्व में अलीनगर थाना पर धरने पर बैठे गए।

पुलिस आधा दर्जन अमिट स्याही लगे मतदाताओं से पूछताछ करने में जुटी है। देर रात तक अलीनगर थाना पर धरना जारी रहा।

विधायक प्रभुनारायण यादव ने बताया कि दलित वोटरों को रोकने के लिए एक प्रत्याशी की ओर से नोट बांटकर अमिट स्याही लगाई जा रही है। ताकि मतदाता बूथ पर पहुंचकर मतदान नहीं कर सके। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले में कई जगह आचार संहिता का उल्लघंन किया जा रहा है। उन्होंने आरोपितों को तत्काल गिरफ्तार कर कार्रवाई की मांग की। उधर, सीओ त्रिपुरारी मिश्र व थानाध्यक्ष अश्वीन चतुर्वेदी आनन फानन में जीवनपुर गांव पहुंच गए।

पुलिस देर रात तक धरने पर बैठे सपा व बसपा कार्यकर्ताओं को समझाने में जुटी रही। इस संबंध में सीओ ने बताया कि नोट बांटकर अमिट स्याही लगाने की शिकायत मिली है। अमिट स्याही लगे मतदाताओं से पूछताछ की जा रही है। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। धरने में विधायक प्रभुनारायण यादव के अलावा सपा जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर, बसपा जिलाध्यक्ष घनश्याम प्रधान, गठबंधन प्रत्याशी संजय सिंह चौहान समेत दर्जनों की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद हैं।

महेंद्र नाथ पांडेय का संसदीय क्षेत्र
चन्दौली संसदीय सीट वाराणसी से सटी हुई है। यहां पांच विधानसभा क्षेत्र हैं। इनमें दो विधानसभा शिवपुर और अजगरा वाराणसी जिले में ही स्थित हैं। वाराणसी और चन्दौली समेत पूर्वांचल की 13 सीटों पर रविवार को वोटिंग होनी है। यहां मुख्य मुकाबला भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय और गठबंधन की ओर से सपा प्रत्याशी संजय चौहान के बीच माना जा रहा है।

देर रात तक थाने पर धरना
रात डेढ़ बजे तक धरना जारी रहा। नोट बांटने वाले कुछ लोगों का नाम भी पुलिस को बताया गया है। उनकी गिरफ्तारी की मांग की जा रही है। आरोप है कि दोपहर से ही अलग अलग इलाकों में नोट बांटे जा रहे थे और पुलिस को इस बारे में शिकायत की जा रही थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।

No comments:

Post a Comment

Post Top Ad