गाजियाबाद के युवक ने बीमार हालत में कराया था भर्ती

लखनऊ। हजरतगंज पार्क रोड स्थित सिविल अस्पताल में पिछले कई दिनों से एक अनाथ लड़की भर्ती है। डायबिटीज के पीडि़त इस लड़की को अब नर्सों ने सहारा दिया हुआ है। इस लड़की को एक युवक गाजियाबाद से अपने साथ बीमार हालत में लाया था। उसे सिविल में भर्ती करके वह चला गया। अब उसकी देखरेख करने वाला कोई नहीं है। लड़की को शुगर की बीमारी है। उसे दोनों टाइम इंसुलिन भी लग रही है।
लावारिस हालत में भर्ती कराया था गीतिका को
गाजियाबाद के लाजपत नगर निवासी मधवानंद की बेटी गीतिका कुमारी को छह मई से पंजाब के रवि कुमार ने हजरतगंज स्थित सिविल अस्पताल के महिला वार्ड में लावारिस हालत में भर्ती कराया था। उसके बाद से वह युवक भी नहीं लौटा है। नर्सें ही उसकी देखरेख और इलाज कर रही हैं। गीतिका ने बताया कि वह हाईस्कूल पास है। उसके माता-पिता की मौत हो चुकी है। मूल रूप से वह उत्तराखंड के गढ़वाल से है। गाजियाबाद में ही सौतेला भाई है लेकिन वह साथ नहीं रखना चाहता है। गीतिका भी उसके साथ नहीं रह पा रही थी। वह नौकरी की तलाश में पांच मई को घर से निकलकर गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर पहुंची। यहां पर बेहोश हो गई। होश आने पर स्टेशन से लखनऊ आ रहा पंजाब का रवि उसके कहने पर साथ ले आया। यहां उसने गीतिका को सिविल अस्पताल में भर्ती करा दिया। नर्सिंग स्टाफ ने बताया कि गीतिका का हाई शुगर की समस्या है। उसे दो टाइम इंसुलिन की डोज दी जा रही है। अस्पताल से ही भोजन आदि की व्यवस्था भी की गई है। गीतिका काफी सौम्य व्यवहार की है। नर्सों को कहना है कि गीतिका को कोई सही सहारा मिल जाए तो उसकी जिंदगी संवर जाएगी।

No comments:
Post a Comment